भगवान महावीर स्वामी पर हिंदी निबंध / भाषण महावीर जन्म कल्याणक 2022 महावीर जन्म जयंती 2022 Essay / Speech on Bhagwan Mahaveer Swami

November 23, 2017
प्रातः काल की प्रकाश बेला में सूर्य किरणें जैसे ही धरती को स्पर्श करती है और अंधेरा दूर करके प्रकाश फैला देती है । उसी प्रकार भगवान का स्मरण कर के, उनके सिध्दातों का पालन कर के , हमारे आत्मा का अंधेरा दूर होकर ज्ञान का प्रकाश फैल जाता है। मेरे साधर्मी भाई बहनों आपके साथ में शेयर कर रही हूँ, भगवान महावीर पर बनाया हिंदी निबंध / स्पीच....

essay/speech-on-bhagwan-mahaveer

भगवान महावीर स्वामी पर हिंदी निबंध / भाषण 

Essay / Speech on Bhagwan Mahaveer Swami

    
 

धूल अगर चाहे तो अबीर हो जाए
रेशम अगर चाहे तो जंजीर हो जाए
आवश्यकता है आदर्शों के परिपालन की
इन्सान अगर चाहे तो महावीर हो जाए।

                वर्तमान शासनपति भगवान महावीर स्वामी का शासन जयवंत चल रहा है। भगवान महावीर स्वामी की आत्मा भी एक समय हमारे जैसे भव भ्रमण करती थी परंतु जब नयसार के भव में उन्होंने समकित प्राप्त किया, तब से उनके भवों की गिनती शुरू हुई, और तभी से हम उनसे परिचित हुए। महावीर कोई अवतार नहीं थे और नहीं थे वे भगवान। भगवान तो वह आपने पुरुषार्थ के बल पर बाद में बने। जैन दर्शन में भगवान बनते हैं और अवतारित नहीं होते। पहले तो वे हमारे इसी भारत की वसुंधरा पर विचरते थे। धर्म चक्र का प्रवर्तन करने से वे तीर्थंकर कहलाए। वे महान मानव थे, जब कोई भी महामानव जन्म लेता है तो उसके जन्म के पूर्व ही दूर्भिक्ष महामारी, अकाल हिंसा, तथा अमानवीय आसुरी शक्तियां पलायन करना शुरू कर देती है। तथा सृष्टी का कण-कण उस महामानव की अगुवाई के लिए हर्षोल्लास के रस में पक जाता है। ठीक यही वर्धमान के जन्म लेते ही हुआ। भगवान के जन्म लेते ही सारे आलम में प्रकाश सा फैल गया। मनुष्य लोक में तो फैला ही, नरक में भी घने अंधकार का काला पर्दा चीरकर प्रकाश छा गया और दो घड़ी के लिए काट-मार आदि दुख थम गए। वनस्पतियां खिल उठी और पृथ्वी पर चंदन के लेप से भी अधिक शीतलता प्रसारित हो गई। देवों के देव आनंद से थिरक गए। छप्पन दिक्कुमारिया भगवान का जन्मोत्सव मनाने आयी। इंद्र तथा करोड़ों देवताओं ने मिलकर, हर्षपूर्वक भगवान को मेरु पर्वत के ऊपर ले जाकर, स्नान करवाकर जन्म महोत्सव आयोजित किया।

अवश्य पढ़े :- भगवान महावीर पर  हिंदी कविता

              भगवान ने इस दुनिया में जन्म लेकर कैसे-कैसे कार्य किए और कितने-कितने कष्ट सहन किए हैं?  संग्राम में विजयी होने के पहले योद्धा को प्राणों की बाजी लगानी पड़ती है, वैसे ही सिद्धि के सिंहासन पर विराजमान होने के लिए होने के पहले संत पुरुषों को भी भरणांतिक कष्ट से गुजरना पड़ता है। आत्मिक साम्राज्य की प्राप्ति के लिए तारक भगवान की जागृत दशा सचेत बनी रही। उन पर उपसर्गों के पहाड़ टूट पड़े, लेकिन प्रभू जरा भी नहीं डिगे। भगवान पर हुए उपत्सर्गो का वर्णन सुनकर ही अपना तो कलेजा कांप उठता है। होश खोये अहीर ने भगवान के कानों मे खिला ठोंका,  संगमासूर ने  कालचक्र फेंका, गोशालक ने तेजोलैश्या छोडी। ऐसे जीवों पर भी भगवान ने भाव दया की अमृत वर्षा की। दूध से भरे घड़े में एक विष की एक बूंद भी गिरे तो दूध जहर बन जाता है। उसी प्रकार क्रोध जीवन की सारी संपत्ति के विनाश को न्योता देता है। कितने ही भवो की बाजी तू क्रोध में हार गया। भगवान की अमृतमय मीठी सुनकर चंडकौशिक शांत हुआ,  और जीवन सुधार लिया।

                प्रभु महावीर का जीवन अताह सागर के समान है। जिसमें से जितना निकालो, जितना देखो उतना कम है। प्रभु के जीवन की एक एक घटना करोड़ों-करोड़ों मानव के लिए मुक्ति का कारण बनी है, बन रही है। प्रभु के एक एक संदेश से करोड़ों जीवात्मा कर्मों के बंधनों से मुक्त हुई हैं और होती रहेंगी। महावीर का एक महान तीर्थ है,जहां पर पहुंचनेवाला प्रत्येक तीर्थयात्री उस सरोवर में डुबकी लगाने पर निश्चित कर्म  मैल से  स्वच्छ  सुंदर  बनता है।  वैसे जितना लिखूं उस अनंत ज्ञानी, करुणा मूर्ति, प्रभु के जीवन के संबंध में उतना ही कम है। जिस तरह एक बालक पानी में चंद्रमा के प्रतिबिंब को पकड़ने की भूल कर रहा हो,उसी तरह महान गुणों के भंडार, अनंत शक्तियों के पुंज के संबंध में कुछ कहने का दुस्साहस कर रही हूं ।

          वर्तमान में प्रायः देखा जाता है कि व्यक्ति दूसरों को अपने से भिन्न देखना चाहता है। एक मोहल्ले का व्यक्ति अपने पड़ोसी के ऐश्वर्य को देखकर ईष्र्या करता है। एक सेठ यह नहीं चाहता कि उसके सेवक उसकी बराबरी करने लगे। एक भगवान अपने भक्तों को भक्त ही रखना चाहता है। किंतु महावीर सर्वेश्वरवाद के प्रतिपादक थे। उन्होंने हर आत्मा में ईश्वरीय सत्ता बताई। महावीर नहीं चाहते थे कि भक्त भक्त ही बना रहे, वह भक्त को भी भगवान बनाना चाहते थे। तभी तो उन्होंने कहा, आत्मा में अनंत शक्ति है। शक्ति को उद्घाटीत करके हर आत्मा मोक्ष जा सकती है।

 अवश्य पढ़े :- महावीर स्वामी  पर हिंदी शेरो शायरी 

         महावीर का बचपन का नाम वर्द्धमान था। वह जब वह बच्चे थे, तभी से वे करुणामय हृदय के स्वामी थे और उनका झुकाव अध्यात्म की ओर था। उनकी संवेदनशील और चिंतनशील प्रकृति ने उन्हें विभिन्न बुराइयों के कारणों और उनके निवारण की खोज करने के लिए प्रेरित किया जो उन्होंने समाज में चारों ओर देखी।
  राजकुमार वर्धमान के जीवन में कोई अभाव नहीं था। लक्ष्मी उनके चरण चुमा करती थी। वैभव उनके चारों ओर बिखरा हुआ था। वह चाहे तो अपने को अतुल वैभव में, भोग में 'स्व'को डूबा सकते थे। वह चाहे तो वैशाली गणतंत्र के राज्य सिंहासन पर बैठ सकते थे। उनके बाहों में इतना सामर्थ्य था कि वह अपने तेज, प्रताप, पराक्रम से सम्राट बन सकते किंतु उन का रास्ता भिन्न था। उनके दिल की पुकार कुछ और ही थी। वह कैसे इन क्षुद्र मोहों में उलझ कर रह जाते। अपने में ही उलझ कर रह जाने वाला मानव जिंदगी को, समाज को, कोई गति, प्रगति, स्थिति नहीं दे सकता। भोग का साधन बन भस्म हो जाने वालों में वर्द्धमान नहीं थे। भोग नहीं उन्हें भाया। माया उन्हें लुभा न सकी, सत्ता का मोह उन्हें छू तक नहीं सकी।
 
          वर्धमान का वैराग्य किसी से छुपा न था। एक दिन सभी ने देखा, राजमहलों में चलने वाला, वैभव में पलनेवाला,  सुकुमार राजकुमार कांटों, कंकरो भरी राहों पर निकल पड़ा। एक महल छोड़ सारी दुनिया को महल बनाता हुआ। अपने आप को साधने के लिए, अपने आप को पाने के लिए, पूर्ण स्वतंत्र होने के लिए। संपूर्ण मानव जाति की स्वतंत्रता के लिए, वर्धमान में राज्य सत्ता सुख सुविधाओं को ठुकरा दिया। वर्धमान क्षत्रिय थे, वीर थे,  महावीर बन गए।

         शास्त्रकार कहते हैं- महावीर साधना काल में बहुत ही कम बोले, बोले ही नहीं। उपदेश की बात तो दूर, उन्होंने अपना परिचय तक नहीं दिया। भीषण से भीषन कष्ट आये। देवों ने, मानवों ने, पक्षुओं ने भयंकर यातनाएं दी। रोंगड़े खड़े हो जाए, दिल दहल जाएं, ऐसी तकलीफे उन्हें दी गई। पर वह योद्धा, वीर कभी पीछे नहीं हटा। आत्म-योद्धा कभी पीछे हटा नहीं करते। पीछे हट जाए,वह योद्धा कैसा? योद्धा तो वक्त पड़ने पर सब कुछ न्यौछावर, स्वाहा करने को तत्पर रहता है। ऐसे ही योद्धा मानव-जाति के इतिहास में सुनहरे अध्याय जोड़ जाते हैं। महावीर के शब्दों में दूसरों से लड़ना बहुत आसान है, अपने आप से लड़ना, युद्ध करना बड़ा ही कठिन है।मनुष्य सब जगह जीत जाता है, सारी दुनिया को जीत सकता है पर अपने ही सामने हार जाता है। महावीर तो श्रेष्ठ उसे कहते हैं जो स्वयं को जीतता है। जीत चुका है।

अवश्य पढ़े :- महावीर स्वामी के जन्म और परिवार के बारे में विशेष जानकारीयां

       कठोर से कठोर हृदय वाले की आत्मा गिली कर दे ऐसी भगवान महावीर की साधना थी। साडे बारह वर्ष और 15 दिन तक उग्र तपस्या की। केवलज्ञान की प्राप्ति तक प्रभू भूमि पर पालथी मारकर नहीं बैठे। साढे बारह वर्ष में शांती से एक घंटा निद्रा नहीं ली। नींद और आराम छोड़कर मौन की साधना आदरी। अनेक कठिन परिस्थितियों से गुजरकर प्रभू महावीर की साधना फली और वैशाख शुक्ल दशमी के दिन केवल ज्ञान की प्राप्ति हुई। वे सर्वज्ञ और सर्वदर्शी बने।वैशाख शुक्ल एकादशी के दिन तीर्थ की स्थापना की। एवं जगत के जीवों को तत्वज्ञान समझाया। अहिंसा परमो धर्म का संदेश सुनाया। जिओ और जिने दो.का सिद्धांत समझाया। जिनकी आंखों में अमृत की धारा बहती थी, जिनके वचनों मे वात्सल्य का वारिधि छलकता था,  जिनकी परछाईं-परछाईं पवित्रता फैली थी, जिनके कदम-कदम पर पारावार प्रेम प्रगटा है, ऐसे महावीर का यशोगान और उनकी किर्ती की कथाएं हमारे जीवन में विचित्र आनंद और नया उत्साह प्रदान कर देती है। महावीर का धर्म पुरुषार्थवादी हैं, नियतिवादी नहीं। वह किसी नियति की ओट में अकर्मण्यता का समर्थन नहीं करता। बल्कि एक वैज्ञानिक की भांति आत्मा के प्रयोगशाला में अनुसंधान करके ही किसी तत्व को स्वीकारता है। महावीर का धर्म हमें तोड़ना नहीं बल्कि जोड़ना सिखाता है। महावीर जैन तत्व के ज्ञाता नहीं बल्कि विश्व तत्व के ज्ञाता है। विश्व के समस्त जीवों को उन्होंने मानवता का संदेश दिया। विश्व मैत्री के सिंहनादी स्वर को बूलंद करते हुए कहा, चिंटी में भी हमारे समान प्राण हैं, अतः उसे भी कष्ट देना मानवता के हित में नहीं है। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारना होगा। तभी हम सच्चे अर्थों से उनके उपासक माने जाएंगे।

              इस दुनिया में अनेक लोग जन्मते है और मरते हैं। हर एक को दुनिया याद नहीं करती। जो व्यक्ति अपना जीवन स्वार्थ में बिताता रहा, परोपकार के कार्य न किए, धन सामग्री होते हुए भी किसी दुखी की आँसू नहीं पूछे, तो मरने के बाद उसे कोई याद नहीं करता। परंतु जो दूसरों के सुख से सुखी और दूसरों के दुख से दुखी बनता है और दूसरों के दुख दूर करने का प्रयास करता है, उसे दुनिया याद करती है। भगवान महावीर स्वामी को मोक्ष में गए अनेक वर्ष व्यतित हो गए हैं, लेकिन फिर भी हम उन्हें याद करते हैं। क्योंकि वे दुनिया को दुख दूर करने के मार्ग बता कर गए। जगत के समक्ष आदर्श प्रस्तुत कर गए। जो उम्र भोग की मानी जाती है, उस उम्र में भगवान ने भोग का त्याग किया। जो मैं धन उपार्जन की मानी जाती है, सत्ता अधिकार प्राप्त करने की मानी जाती है, उस उम्र में भगवान ने सत्ता, राजपाट का त्याग किया। साथ ही स्त्री-परिवार आदि का भी त्याग कर  संयम के कंटीले  मार्ग पर  प्रयान किया। उग्र तपस्या की और केवल ज्ञान तथा केवल दर्शन को  प्राप्त किया। इतने पर रुक न गए और जगत के कोने-कोने में विचरते हुए दुनिया को दुख से मुक्ति पाने और जन्म मरण के चक्र से छूटने का मार्ग बता कर गए। इसलिए हम हर वर्ष ऐसी विभूतियों का स्मरण करते हैं। हम सब भगवान के दिव्य जीवन से कुछ ग्रहण करें, यही विनती करती हूं।

 अवश्य पढ़े :- महावीर स्वामी की दीक्षा संबंधी विशेष जानकारियां

                  जिस महाउद्देश्य को लेकर वह अनूठे पद पर निकले थे, वह उद्देश्य सिद्ध होता है। फिर वह ज्योति जहां भी गई वहां हजारों ज्योतियां जल उठी।आत्मदीप का प्रकाश पाकर कई आत्माए दिव्य प्रकाश में नहा उठी।उस धर्म दीप का सहारा पाकर कई पर्व जगमगा गए।महावीर के समवशरण में सर्वोदय तीर्थ को अपनी पीड़ा, दुख, दर्द दूर करने की दवा मिल गई। पीड़ित जनता महावीर को पाकर आश्वस्त हुई। महावीर की अमृतवाणी जन-मन के हृदय में उतरती चली गई। समाती गई। उनका जीवन संदेश जनता के लिए संजीवनी साबित हुआ।

 इतिहास कांच के टुकड़ों का नहीं उज्जवल हीरो का बनता है
                    इतिहास घास के तिनकों का नहीं फौलादी तारों से बनता हैं
      जीवन के संग्राम में जो हिम्मत के हथियार डाल देते हैं
                   इतिहास ऐसे कायरों का नहीं महावीर जैसे शूरवीरों का बनता है।

      दोस्तों भगवान महावीर स्वामी पर बनाया हुआ यह हिंदी निबंध अपने साधर्मी भाई बहनों से जरूर शेयर करे। हमारे भगवान महावीर कैसे थे ?, उनका जीवन कैसे था ?, इसकी जानकारी जैन, जैनेत्तर को होनी चाहिए।  धर्म प्रभावना में हमेशा आगे रहे। 


अवश्य पढ़े :- १] जैन रवा उत्तप्पा हिंदी रेसिपी 
                      २] जैन तपस्या पर हिंदी स्पीच 
                      ३] जैन हिंदी नाटिका जीव की आत्मकथा 
                      ४] महिला संगीत संध्या पर बनाई हिंदी एंकरिंग 
Previous
Next Post »

5 comments